भाजपा बोईसर मंडल कार्यालय में माफी के बाद कथित हमला! महेंद्र भोने के बुलावे पर पहुंचे सद्दाम सिद्दीकी पर सरावली सरपंच आनंद धोडी की कथित दबंगई, साथ ही मारपीट का आरोप।
भाजपा बोईसर मंडल कार्यालय में माफी के बाद कथित हमला! महेंद्र भोने के बुलावे पर पहुंचे सद्दाम सिद्दीकी पर सरावली सरपंच आनंद धोडी की कथित दबंगई, साथ ही मारपीट का आरोप।
पालघर। जिले के बोईसर में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर राजनीतिक और कानूनी मुद्दे का रूप लेता दिखाई दे रहा है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, सद्दाम सिद्दीकी नामक युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उसकी तस्वीर के साथ लिखा था कि "मुगलों ने राम मंदिर लूटा, यह मैंने किताबों में पढ़ा था, लेकिन भाजपा ने लूटा, यह मैंने देख भी लिया।" इस पोस्ट के सामने आने के बाद भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
आरोप है कि पोस्ट को लेकर पुलिस में शिकायत करने की चर्चा हुई, लेकिन किसी कारणवश मामला दर्ज नहीं कराया गया। इसके बाद सोमवार, 6 जुलाई की रात लगभग 8:30 बजे भाजपा बोईसर मंडल कार्यालय में मंडल अध्यक्ष महेंद्र भोने ने फोन कर सद्दाम सिद्दीकी को बुलाया।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि कार्यालय में सद्दाम सिद्दीकी से उक्त पोस्ट को लेकर माफी मंगवाई गई। बताया जाता है कि उसने वहां उपस्थित सभी लोगों के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए क्षमा भी मांगी।
आरोप है कि माफी मांगने के बाद जैसे ही सद्दाम सिद्दीकी कार्यालय से बाहर निकलने के लिए दरवाजे तक पहुंचा, तभी सरावली ग्राम पंचायत के सरपंच एवं भाजपा बोईसर मंडल युवा अध्यक्ष आनंद धोडी अपने समर्थकों के साथ उस पर टूट पड़े। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वहां मौजूद कई भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी उसके साथ मारपीट की।
घटना के समय सरावली ग्राम पंचायत सदस्य वसीम चौधरी सहित अन्य लोगों के भी मौजूद होने की बात कही जा रही है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट इतनी गंभीर थी कि सद्दाम सिद्दीकी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां वह लगभग काफी समय तक बेहोश रहा और मंगलवार, 8 जुलाई को उसे सही से होश आया।
यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं, तो सवाल उठता है कि जब किसी व्यक्ति ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी, तब उसके साथ कथित रूप से हिंसा क्यों की गई? क्या कानून अपने हाथ में लेना किसी भी राजनीतिक दल के पदाधिकारी या कार्यकर्ता को शोभा देता है? यह भी जांच का विषय है कि घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने कथित मारपीट रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कथित मारपीट के दौरान सद्दाम सिद्दीकी का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। आरोप है कि फोन की जांच करने के बाद उसे तोड़ दिया गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, क्षतिग्रस्त मोबाइल की कीमत लगभग ₹1.25 लाख थी, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
अब स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों द्वारा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने तथा दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इस मामले में संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान तथा पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Hello public news 24 headline
आवाज आपकी मंच हमारा
Comments
Post a Comment