पालघर ! बोईसर में राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल: नेटवर्क समस्या के कारण घंटों लाइन में खड़े रहे उपभोक्ता, बिना राशन लौटे घर
पालघर ! बोईसर में राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल: नेटवर्क समस्या के कारण घंटों लाइन में खड़े रहे उपभोक्ता, बिना राशन लौटे घर
पालघर, प्रतिनिधि:
पालघर जिले के दांडीपाड़ा स्थित राशन दुकान क्रमांक 6 पर मंगलवार सुबह राशन लेने पहुंचे सैकड़ों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि लोग सुबह 7 से 8 बजे के बीच ही अपना नंबर लगाने के लिए लंबी कतारों में खड़े हो गए थे, लेकिन करीब 9 बजे दुकान संचालक की ओर से जानकारी दी गई कि नेटवर्क उपलब्ध न होने के कारण आज राशन वितरण नहीं किया जा सकेगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दांडीपाडा लोखंडीपाड़ा, सुतारपाड़ा और आसपास के दूर-दराज क्षेत्रों से लोग राशन लेने के लिए यहां पहुंचते हैं। कई बुजुर्ग, महिलाएं और मजदूर वर्ग के लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी राशन प्राप्त नहीं कर सके और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि नेटवर्क की समस्या पहले से थी, तो इसकी सूचना समय रहते उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए थी। लोगों का आरोप है कि ऐसी समस्याएं बार-बार सामने आने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए तथा नेटवर्क संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को अपने हक का राशन पाने के लिए घंटों इंतजार न करना पड़े।
जनता का सवाल:
आखिर कब तक नेटवर्क और प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ेगा? राशन जैसी आवश्यक सेवा में बार-बार आने वाली बाधाओं पर जिम्मेदार विभाग कब गंभीरता से ध्यान देगा ?
Hello public news 24 headline
आवाज आपकी मंच हमारा
Comments
Post a Comment