पालघर में कर्जमुक्ती योजना की समीक्षा, 7,702 किसानों को मिला लाभ
पालघर में कर्जमुक्ती योजना की समीक्षा, 7,702 किसानों को मिला लाभ
पालघर | महाराष्ट्र सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर कर्जमुक्ती योजना 2026 के तहत पालघर जिले में किसानों को दिए जा रहे लाभ और योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला स्तरीय समिति की बैठक 1 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों के आधार प्रमाणीकरण, पात्र लाभार्थियों और कर्जमुक्ती की राशि वितरण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला उपनिबंधक किशन रत्नाळे, अग्रणी जिला प्रबंधक विशाल वाघ, जिला बैंक की ओर से राजेंद्र भेरे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
योजना के अंतर्गत पालघर जिले के 10,484 किसानों की पहली सूची जारी की गई थी। लाभार्थियों की जानकारी सेवा सहकारी संस्थाओं, ग्राम पंचायत कार्यालयों और संबंधित बैंक शाखाओं में उपलब्ध कराई गई है। अब तक इनमें से 8,393 किसानों का आधार प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है।
सरकार की ओर से योजना के तहत दो चरणों में किसानों को कर्जमुक्ती का लाभ दिया गया। 7 अगस्त 2026 को 5,169 किसानों के खातों में 29 करोड़ 20 लाख 43 हजार 4 रुपये जमा किए गए। इसके बाद 24 अगस्त 2026 को 2,695 किसानों को 14 करोड़ 81 लाख 71 हजार 224 रुपये की राशि वितरित की गई। इस तरह अब तक जिले के कुल 7,702 किसान कर्जमुक्ती योजना के लाभ से जुड़े हैं। लाभार्थी किसानों के ऋण खातों में राशि जमा करने के साथ उन्हें कर्जमुक्त होने का प्रमाणपत्र भी दिया गया है।
हालांकि, अभी भी जिले में 2,148 किसानों का आधार प्रमाणीकरण लंबित है। आधार प्रमाणीकरण पूरा नहीं होने की स्थिति में योजना का लाभ मिलना संभव नहीं है। जानकारी के अनुसार इनमें से 1,965 किसानों के पास किसान पहचान क्रमांक उपलब्ध नहीं है।
प्रशासन ने ऐसे किसानों से जल्द से जल्द आपले सरकार सेवा केंद्र में जाकर किसान पहचान क्रमांक बनवाने की अपील की है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
लंबित मामलों में 562 किसान मृतक पाए गए हैं, जबकि 510 किसान वनपट्टा धारक हैं। मृतक किसानों के मामलों में संबंधित बैंक शाखा में जाकर ऋण खाते में वारिस का नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं वनपट्टा धारक किसानों को संबंधित तलाठी के माध्यम से किसान पहचान क्रमांक और कृषि स्टैक पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
योजना से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए किसान अपने संबंधित तहसीलदार, सहायक निबंधक, सहकारी संस्था अथवा बैंक शाखा में लिखित शिकायत कर सकते हैं। अब तक ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त 26 शिकायतों का जिला स्तरीय समिति द्वारा निपटारा किया जा चुका है।
जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय समिति की अध्यक्ष डॉ. इंदू राणी जाखड ने पात्र किसानों से कृषि स्टैक में पंजीकरण कराने, किसान पहचान क्रमांक प्राप्त करने और आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आह्वान किया है। प्रशासन का कहना है कि प्रक्रिया समय पर पूरी होने से पात्र किसानों को योजना का लाभ निर्धारित समय में मिल सकेगा।
Hello public news 24 headline
आवाज आपकी मंच हमारा
Comments
Post a Comment