सड़कों पर घूमते आवारा गोवंश पर पालघर प्रशासन सख्त, 8 सितंबर की रात चलेगा विशेष अभियान

सड़कों पर घूमते आवारा गोवंश पर पालघर प्रशासन सख्त, 8 सितंबर की रात चलेगा विशेष अभियान

पालघर जिले में सड़कों पर खुलेआम घूमने वाले गोवंश के कारण बढ़ते हादसों और पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अब विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत सड़क पर लावारिस या मोकाट पाए जाने वाले गोवंश को सुरक्षित रूप से पकड़कर गोशालाओं तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे की अध्यक्षता में गोरक्षकों और गोशाला संचालकों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में अभियान की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई। प्रशासन ने पशु मालिकों को स्पष्ट रूप से अपील की है कि वे अपनी गाय, बैल अथवा अन्य गोवंश को सड़क पर खुला न छोड़ें और अगले दो दिनों के भीतर उन्हें अपने कब्जे में लें।

प्रशासन के अनुसार, निर्धारित समय के बाद भी यदि गोवंश सड़कों पर मोकाट स्थिति में पाया गया, तो उसे प्रशासन अपने कब्जे में लेकर संबंधित गोशालाओं में भेजेगा। इसके लिए 8 सितंबर की रात विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पुलिस की सहायता ली जाएगी और पकड़े गए पशुओं को सुरक्षित वाहनों के माध्यम से गोशालाओं तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के लिए जिले में मौजूद मोकाट गोवंश की संख्या, उपलब्ध गोशालाओं की क्षमता, पशुओं को रखने के लिए आवश्यक जगह, परिवहन साधन और आवश्यक मनुष्यबल का आकलन किया जा रहा है। इस कार्य में सीएसआर से जुड़ी संस्थाओं तथा स्वयंसेवी संगठनों की भी मदद लेने की तैयारी है।

प्रारंभिक योजना के मुताबिक पालघर-माहिम-बोईसर क्षेत्र से पकड़े जाने वाले गोवंश को देवखोप और वसई की गोशालाओं में भेजने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं आच्छाड-चारोटी क्षेत्र से मिलने वाले पशुओं को वापी स्थित गोशालाओं तक पहुंचाने का नियोजन किया गया है।

बैठक के दौरान गोरक्षकों ने अभियान में शामिल कार्यकर्ताओं को पहचानपत्र या बिल्ला उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अलावा पुलिस द्वारा पकड़े गए पशुओं से संबंधित कानूनी मामलों में गोशालाओं को प्रशासनिक सहयोग देने और पशुओं के परिवहन का खर्च प्रशासन द्वारा वहन करने का आग्रह भी किया गया। पशु परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाली एंबुलेंस का रंग एक समान रखने का सुझाव भी सामने आया।

कुछ गोरक्षकों ने अभियान के बाद भी गोवंश की देखभाल की जिम्मेदारी स्वेच्छा से उठाने की इच्छा जताई। प्रशासन ने जिले के नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें और सड़क हादसों को रोकने के इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में मनोज शहा, केदार लेले, दामोदर दुलालदास, किशोर कराळे, सुरेशभाई सावला सहित गोरक्षक, जिला पशुसंवर्धन अधिकारी डॉ. प्रकाश हसनाळकर और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Hello public news 24 headline 
  आवाज आपकी मंच हमारा 

Comments

Popular posts from this blog

बोईसर में बजरंग दल के कार्यकर्ता ने किया सोशल मीडिया पर दंगा भड़काने का प्रयत्न बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा बार बार बोईसर शहर में मुसलमानों के भावनाओं से खेलने का प्रयत्न

भाजपा बोईसर मंडल कार्यालय में माफी के बाद कथित हमला! महेंद्र भोने के बुलावे पर पहुंचे सद्दाम सिद्दीकी पर सरावली सरपंच आनंद धोडी की कथित दबंगई, साथ ही मारपीट का आरोप।

बोईसर की राजनीति में नया मोड़: नरेश धोडी के भाजपा में शामिल होने के पीछे क्या है असली कहानी?